Lata Mangeshkar: स्वर कोकिला लता मंगेशकर का निधन, सम्मान में दो दिन का राष्ट्रीय शोक

स्वर कोकिला लता मंगेशकर का आज मुंबई के ब्रीच कैंडी अस्पताल में निधन हो गया। केंद्र सरकार ने भारत रत्न लता मंगेशकर के सम्मान में दो दिन के राष्ट्रीय शोक की घोषणा की है।

Lata Mangeshkar

कोलकाता: स्वर कोकिला लता मंगेशकर का आज मुंबई के ब्रीच कैंडी अस्पताल में निधन हो गया। उनकी उम्र 92 साल थी। गत 8 जनवरी को उन्हें कोविड-19 से संक्रमित होने के बाद अस्पताल में भर्ती किया गया था।

केंद्र सरकार ने भारत रत्न लता मंगेशकर के सम्मान में दो दिन के राष्ट्रीय शोक की घोषणा की है। उनके सम्मान में राष्ट्रीय ध्वज दो दिनों तक आधा झुका रहेगा। लता मंगेशकर का अंतिम संस्कार राजकीय सम्मान के साथ किया जाएगा। साल 2001 में उन्हें भारत रत्न से सम्मानित किया गया था।

राष्ट्रपति श्री रामनाथ कोविंद ने संवेदना व्यक्त करते हुए एक ट्वीट में कहा, ”दुनिया भर के लाखों लोगों की तरह लता-जी का निधन मेरे लिए हृदयविदारक है। भारतरत्न लता जी की उपलब्धियां अतुलनीय रहेंगी।’

इसे भी पढ़ें: लता मंगेशकर के सम्मान में राज्य में आधे दिन की छुट्टी

उपराष्ट्रपति श्री एम. वेंकैया नायडु ने कहा कि, लता जी के निधन से भारत ने अपनी आवाज खो दी है, जिन्होंने अपनी मधुर और प्रभावशाली आवाज से कई दशकों तक भारत एवं दुनिया भर में संगीत प्रेमियों को मंत्रमुग्ध किया।

प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी ने अपनी श्रद्धांजलि में कहा कि, उन्हें लता दीदी से हमेशा अपार स्नेह मिला है। अपने ट्वीट में, प्रधानमंत्री ने कहा ”लता दीदी के गीतों में भावनाओं की विविधता थी। उन्होंने दशकों तक भारतीय फिल्म जगत के विकास को करीब से देखा।”

केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण मंत्री अनुराग ठाकुर ने कहा कि, स्वर कोकिला, सुर साम्राज्ञी लता जी का निधन ऐसी क्षति है जिसकी भरपाई असम्भव है। उनका जाना हर किसी के लिए व्यक्तिगत नुकसान है।

केंद्रीय मंत्री श्री नितिन गडकरी ने आज सुबह ब्रीच कैंडी अस्पताल जाकर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। केंद्रीय मंत्री श्री पीयूष गोयल ने कल अस्पताल में जाकर लता मंगेशकर के स्वास्थ्य की जानकारी ली थी।

अन्य मंत्रियों और कलाकारों ने भी महान गायिका लता मंगेशकर के निधन पर दुःख और संवेदना व्यक्त की।

सुश्री लता मंगेशकर का पार्थिव शरीर मुंबई के शिवाजी पार्क में रखा जाएगा, जहाँ उनके प्रशंसक उनके अंतिम दर्शन कर सकेंगे। लता मंगेशकर के निधन पर फिल्म जगत के कलाकारों ने शोक व्यक्त किया। केंद्रीय फिल्म प्रमाणन बोर्ड के अध्यक्ष प्रसून जोशी ने ट्विटर पर दिवंगत गायिका के प्रति सम्मान व्यक्त किया।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here